बेरी नगर पालिका में चेयरमैन बनने के बाद देवेंद्र उर्फ बिल्लू पहलवान ने कहा कि कार्यभार संभालने के बाद सबसे पहले बेरी में महिला महाविद्यालय की प्राथमिकता रहेगी। महिला महाविद्यालय की मांग पिछले कई वर्षों से है और अब इस मांग को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिलकर पूरा करवाया जाएगा। चेयरमैन ने कहा कि जीत के बाद अब वह उनके शहर के लोगों की नगर पालिका से जुड़ी जो भी समस्या होगी, उसे जल्द ही दूर किया जाएगा। बरसाती पानी की निकासी का स्थाई समाधान किया जाएगा, जिससे शहरवासियों को बरसात के मौसम में समस्या का सामना ना करना पड़े। उन्होंने कहा कि मेरा प्रयास रहेगा कि अब वे बेरी शहर को सबसे अच्छा शहर बनाएंगे, क्योंकि माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में दूर-दराज से श्रद्धालु दर्शन करने के लिए पहुंचते हैं। पहले मेरी पत्नी को चेयरपर्सन की जिम्मेदारी और अब बेरी की जनता ने मुझे चेयरमैन पद की जिम्मेदारी देकर विश्वास जताया है। बेरी की जनता के विश्वास पर खरा उतरकर बेरी के सभी वार्डों में एक समान विकास कार्य किया जाएगा। विकास कार्यों में कोई भेदभाव नहीं होगा।