नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा, सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर बुधवार को कर्मचारियों की हड़ताल 14वें दिन भी जारी रही। बहादुरगढ़ इकाई के सफाई कर्मचारियों ने सरकार पर मांगों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया। कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में 13 मई 2026 को सफाई कर्मचारी और अग्निशमन विभाग के साथ हुए समझौते को लागू करना, कच्चे कर्मचारियों को पक्का करना, ठेका प्रथा समाप्त करना, हाईकोर्ट व सुप्रीम कोर्ट के फैसलों को लागू करना, एचकेआरएन को भंग करना तथा 17 मांगों पर बनी सहमति के लिखित आदेश जारी करना शामिल हैं। कर्मचारियों ने बताया कि हड़ताल 6 अगस्त से लगातार जारी है, लेकिन सरकार की ओर से अभी तक कोई पत्र जारी नहीं किया गया है और न ही संगठन को बातचीत के लिए बुलाया गया है। इसके चलते तीन दिवसीय हड़ताल को चरणबद्ध तरीके से बढ़ाते हुए अब 19, 20 और 21 अगस्त तक जारी रखने का निर्णय लिया गया है। बहादुरगढ़ इकाई के प्रधान राजेश बालगुहेर की अध्यक्षता में धरना दिया गया, जबकि मंच संचालन सचिव अमित ने किया। इस दौरान जिला प्रधान राजेंद्र तुषामड़, इकाई कैशियर मुकेश दरोगा, वरिष्ठ उपप्रधान लीला राम, महिला उपप्रधान ऊषा देवी सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।