जेजेपी के कार्यकर्ताओं ने वीरवार को अनाज मंडी में पहुंचकर फसल खरीद का जायजा लिया। उसके बाद किसानों के समर्थन में जमकर नारेबाजी की। यहां प्रदर्शन में जेजेपी सुप्रीमो डाॅ. अजय सिंह चौटाला को आना था, लेकिन किसी कारणवश वह यहां पर नहीं आए। उनकी गैर मौजूदगी में जेजेपी कार्यकर्ताओं ने झज्जर मंडी पहुंचकर सरकार की कार्यशैली के खिलाफ न सिर्फ उंगली उठाई बल्कि सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश जाखड़ व जिलाध्यक्ष संजय दलाल के नेतृत्व में जेजेपी कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान सरकार पर किसानों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मंडियों में अपनी फसल की खरीद न होने के चलते किसान बुरी तरह से परेशान हैं। दूसरी तरफ प्रदेश के सीएम नायब सैनी किसानों की सुध लिए जाने की बजाय विदेशी सैर-सपाटे पर है। उन्होंने कहा कि हरियाणा के इतिहास में शायद पहली बार ऐसा हुआ है कि किसान की फसल का एक भी दाना किसी राज में खरीदा गया हो। प्रकृति की मार झेल चुके प्रदेश के किसान को अब प्रदेश की सरकार भी पूरी तरह से बर्बाद करने के मूड में है। जेजेपी प्रवक्ता विकास पराशर ने कहा कि सरकार ने किसानों को बाजरे की फसल का मूल्य पहले 2775 रुपये प्रति क्विंटल खरीदने का वादा किया था और अब सरकार किसानों से 1900 रुपये प्रति क्विंटल व 600 रुपये बोनस वो भी बाद में देने की बात कर रही है, जिससे किसानों का सीधा सीधा 300 रुपये के लगभग प्रति क्विंटल नुकसान हुआ है। अगर सरकार किसानों को उनकी फसल का उचित मूल्य समय पर नहीं देती है तो जजपा प्रदेश स्तर पर आंदोलन करेगी। इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राकेश जाखड़, विकास पाराशर, मिंटू ठेकेदार, राजीव दलाल, राजू दलाल, नसीब भारतीय, भूपेंद्र गहलोत, जयभगवान जांगड़ा, केहर सिंह, रामनिवास, महेंद्र सिंह, प्रेम सिंह, कप्तान, रामकुमार, हरबीर मौजूद रहे।