जिला झज्जर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एंटी नारकोटिक सेल झज्जर की टीम ने लगातार दो दिनों में बड़ी कार्रवाई करते हुए नशा तस्करों के खिलाफ कड़ा शिकंजा कसा है। 23 अप्रैल 2025 और 25 अप्रैल 2025 को अलग-अलग मामलों में कुल तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में नशीले कैप्सूल व प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की हैं। दोनों मामलों में दिल्ली से जुड़े नेटवर्क का भी खुलासा हुआ है। पुलिस कमिश्नर डॉ. राजश्री सिंह ने बताया कि डीसीपी क्राइम शुभम सिंह की देखरेख में एंटी नारकोटिक सेल झज्जर प्रभारी उप निरीक्षक जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से कुल 1680 नशीले कैप्सूल और 75 प्रतिबंधित शीशियां (कुल वजन 7 किलो 500 ग्राम) बरामद की गई हैं।उन्होंने बताया कि पहली कार्रवाई 23 अप्रैल 2025 को थाना सदर बहादुरगढ़ क्षेत्र में की गई, जहां गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने नूना माजरा गांव में घेराबंदी कर अनुज निवासी आसौदा को काबू किया। आरोपी अपनी आई-20 गाड़ी में बैठकर नशीले पदार्थ बेच रहा था।