शहर तथा आसपास के क्षेत्र में शनिवार अल सुबह भी तेज बारिश हुई। उसके बाद रुक-रुककर सुबह 8 बजे तक बूंदाबांदी होती रही। उसके बाद पूरा दिन बारिश नहीं हुई। पूरा दिन बादलवाही छाई रही और सूर्य के दर्शन नहीं हुए। पूरा दिन कोल्ड डे रहा। सुबह से 15 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं पूरा दिन चलती रही। धूप न निकलने से लोग ठिठुरते दिखे। शनिवार को अधिकतम तापमान 18 व न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवाओं की दिशा उत्तरी बर्फीली होने से रात्रि तापमान में गिरावट और कोल्ड बेव (शीतलहर) की संभावना बन रही है। साल 2024 के अंतिम दिनों और नया साल 2025 के आगाज का स्वागत ठंड के तिहरा वार ( ट्रिपल अटैक) से होगा। जिले में पिछले 48 घंटे में 58.4 एमएम बारिश दर्ज की गई है। साल्हावास में सबसे ज्यादा 76.5 एमएम, मातनहेल में 65 एमएम, बहादुरगढ़ में 64 एमएम, झज्जर में 57 एमएम, बादली में 55 एमएम और बेरी में 33 एमएम बारिश दर्ज की गई।