बहादुरगढ़। भाजपा नेता एवं पूर्व पार्षद जसवीर सैनी ने शहर में वाहनों पर अवैध रूप से लगाई जा रही मॉडिफाइड एलईडी लाइटों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि ऐसे उपकरणों का इस्तेमाल न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन है, बल्कि इससे सड़क सुरक्षा भी प्रभावित होती है। भाजपा नेता जसवीर सैनी ने कहा कि शहर में कुछ लोग अपनी गाड़ियों पर तेज रोशनी वाली मॉडिफाइड एलईडी लाइटें लगाकर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं। इस प्रकार की लाइटें केवल उन्हीं विभागों और अधिकारियों के वाहनों पर लगाई जा सकती हैं, जिन्हें नियमानुसार अनुमति प्राप्त है। आम नागरिक या अन्य व्यक्ति द्वारा इनका उपयोग गैरकानूनी है। उन्होंने प्रशासन और पुलिस से ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर चालान करने की मांग की। सैनी ने कहा कि कानून सभी के लिए समान है और किसी भी व्यक्ति को पद या प्रभाव के आधार पर नियमों का उल्लंघन करने की छूट नहीं मिलनी चाहिए। सैनी ने लोगों से भी अपील की कि यदि कोई वाहन अवैध मॉडिफाइड एलईडी लाइट का इस्तेमाल करता दिखाई दे तो इसकी सूचना संबंधित विभाग को दें, ताकि नियमों के अनुसार कार्रवाई की जा सके। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने से सड़क सुरक्षा और अनुशासन दोनों मजबूत होंगे।