डीएमसी अभिनव सिवाच ने शुक्रवार को शहर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विशेष रूप से वार्ड नंबर 18 में चल रहे मेंटेनेंस कार्यों की बारीकी से जांच की। निरीक्षण के दौरान डीएमसी अभिनव सिवाच ने सम्बंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समय समय पर निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की जांच करें। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं ठेकेदारों को निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि कार्य स्थल पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा जाए और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया जाए। डीएमसी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि नियमित रूप से कार्यों की मॉनिटरिंग की जाए तथा प्रगति रिपोर्ट समय-समय पर प्रस्तुत की जाए, जिससे विकास कार्यों में पारदर्शिता और गुणवत्ता बनी रहे। इस अवसर पर नगर परिषद बहादुरगढ़ के अधिकारी उपस्थित थे।