जिला नगर योजनाकार विभाग (डीटीपी) की अवैध कॉलोनियों में तोड़फोड़ की कार्रवाई लगातार जारी है। बुधवार को क्षेत्र के गांव बालौर में डीटीपी का पीला पंजा चला। यहां पर 70 एकड़ में बनाई जा रही अवैध कॉलोनियों में पीला पंजा चलाकर तोड़फोड़ की गई। डीटीपी के पीले पंजे ने यहां बनाए गए मिट्टी के करीब 1500 मीटर रोड नेटवर्क को उखाड़ दिया। यह कार्रवाई लगभग 4 से 5 घंटे तक चली। किसी तरह का विरोध न हो, इसको लेकर पुलिस बल भी तैनात रहा। डीटीपी अंजू जून ने आमजन से अवैध कॉलोनियों में प्लाट न खरीदने की अपील की है। साथ ही कॉलोनाइजरों को चेतावनी दी है कि यदि अवैध क्षेत्र में प्लाटिंग की तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कई दिनों से जिला नगर योजनाकार विभाग (डीटीपी) को बालौर गांव में अवैध कॉलोनी बनने की शिकायत मिल रही थी। बुधवार को डीटीपी का दस्ता यहां पहुंचा और अवैध कॉलोनी में तोड़फोड़ की गई। बालौर गांव में 70 एकड़ में बन रही अवैध कॉलोनी में डीटीपी के पीले पंजे ने रोड नेटवर्क को उखाड़ दिया। वहीं 8 निर्माणाधीन भवनों को भी ध्वस्त कर दिया गया।