अनाज मंडी में शुरुआती समय में किसानों की तरफ से लाए गए बाजरे के गेट पास नहीं काटने को लेकर किसानों और आढ़तियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर मंडी में बाजरे की खरीद और उठान में परेशानी भी आ रही है। अनाज मंडी में रविवार को आढ़तियों और किसानों की एक बैठक हुई, जिसमें गेट पास ना काटने को लेकर चर्चा की गई। इसके बाद एसडीएम झज्जर से भी आढ़तियों ने इस मामले को लेकर बात की, जिसके बाद एसडीएम ने सोमवार को इस मामले में आढ़तियों से मिलकर समाधान करने की बात कही। अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान विनोद पूनिया ने बताया कि किसानों ने अपना बाजरा गेट पास लागू होने से पहले ही मंडी में डाल दिया था, जिसके बाद अब किसानों को मंडी में रखी गई फसल के गेट पास कटाने में परेशानी आ रही है। वहीं, कुछ किसानों और आढ़तियों ने मार्केट कमेटी के कर्मचारियों पर गेट पास जारी करने के नाम पर पैसे मांगने का आरोप भी लगाया है। उन्होंने इस मामले को लेकर नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि गेट पास प्रणाली किसानों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। किसानों को जानबूझकर नियमों के नाम पर परेशान किया जा रहा है। कर्मचारियों को अपनी कार्यशैली में सुधार लाना चाहिए। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि इस विषय में तत्काल हस्तक्षेप कर समाधान निकाला जाए ताकि किसानों को अनावश्यक रूप से परेशान ना होना पड़े। उन्होंने कहा कि अगर गेट पास जैसी समस्या ऐसे ही बनी रहीं, तो किसानों को भावांतर भरपाई योजना का लाभ भी नहीं मिला पाएगा। इसके अलावा मंडी में किसानों की बाजरे की खरीद और उठान करने में भी परेशानी होगी।