राजकीय महाविद्यालय छारा में वाणिज्य विभाग के तत्वावधान में विद्यार्थियों के लिए फ्री फाइनेंशियल लिटरेसी एवं इन्वेस्टर अवेयरनेस प्रोग्राम के अंतर्गत एक विस्तार व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता सेबी के वित्तीय शिक्षा प्रशिक्षक गुलशन गोयल रहे। उन्होंने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में हर व्यक्ति के लिए वित्तीय प्रबंधन की समझ होना बेहद जरूरी है। उन्होंने नियमित बचत करने और आय का एक हिस्सा भविष्य के लिए निवेश करने की सलाह दी। साथ ही म्यूचुअल फंड, शेयर बाजार, फिक्स्ड डिपॉजिट, पीपीएफ और एसआईपी जैसे निवेश विकल्पों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने निवेश करते समय जोखिम और रिटर्न को समझने तथा केवल विश्वसनीय माध्यमों के जरिए निवेश करने पर जोर दिया। साथ ही डिजिटल निवेश के बढ़ते चलन के बीच साइबर धोखाधड़ी से सतर्क रहने की भी सलाह दी। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने कई प्रश्न पूछे, जिनका वक्ता ने संतोषजनक उत्तर दिया।