बहादुरगढ़ में शुक्रवार सुबह करीब 6 बजे रोहद टोल प्लाजा पर एक दर्दनाक हादसा हो गया। हांसी डिपो की हरियाणा रोडवेज बस बिना टोल दिए निकलने की कोशिश कर रही थी। इसी दौरान टोल कर्मी ने बस को रोकने का प्रयास किया, लेकिन बस ने उसे सीधी टक्कर मार दी। हादसे में टोल कर्मचारी सांपला निवासी कपिल की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कपिल का नौकरी का पहला ही दिन था और सुबह ड्यूटी के दौरान यह हादसा हो गया। घटना के बाद टोल प्लाजा पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस बस चालक से पूछताछ कर रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। मृतक कपिल की अचानक मौत से परिवार और टोल प्लाजा के कर्मचारियों में शोक का माहौल है।