बहादुरगढ़ में शहरी सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों की गति तेज हो गई है। आज उपायुक्त (डीसी) स्वप्निल रविंद्र पाटिल ने बादली चुंगी स्थित राव तुलाराम पार्क के सामने वाले चौक का औपचारिक उद्घाटन किया। इस चौक का सौंदर्यीकरण नगर परिषद बहादुरगढ़ द्वारा 'दिव्य नगर योजना' के तहत किया जा रहा है, जिसकी अनुमानित लागत लगभग 34 लाख रुपये है। इस परियोजना के अंतर्गत चौक को स्पोर्ट्स थीम पर आधारित बनाया जाएगा, जिसमें खेल से जुड़े आकर्षक तत्व, लैंडस्केपिंग, लाइटिंग और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य शामिल होंगे। यह कार्य शहर के समग्र विकास और नागरिकों के लिए बेहतर सार्वजनिक स्थलों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।' दिव्य नगर योजना' के तहत नगर परिषद द्वारा शहर के कुल पांच पार्कों, चौकों और चौराहों का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है, जिसकी कुल लागत करीब एक करोड़ 35 लाख रुपये है। इसी कड़ी में बादली चुंगी चौक का सौंदर्यीकरण कार्य शुरू किया गया है, जिसका शुभारंभ आज डीसी स्वप्निल रविंद्र पाटिल द्वारा किया गया।