विश्व प्रसिद्ध माता भीमेश्वरी देवी मंदिर में राधा अष्टमी के दिन मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। माता भीमेश्वरी देवी मंदिर के दरबार में नवरात्र के अलावा हर माह की अष्टमी के दिन पूजा अर्चना के लिए आते हैं। मां के दरबार में अलसुबह से भक्तों की लाइन लगनी शुरू हो गई। सुबह करीब पांच बजे मां को अंदर वाले दरबार से बाहर वाले भवन में लाया गया, जहां पुजारी ने मंत्रोच्चारण के साथ स्नान करवाया। उसके बाद मंगल आरती करके मां के दर्शन भक्तों के लिए खोल दिए गए। उसके बाद मां के दर्शनों का सिलसिला दोपहर तक जारी रहा। पुजारी कुलदीप वशिष्ठ ने बताया कि हर माह अष्टमी के दिन मां के दरबार में भक्तों की भीड़ उमड़ती है। नवविवाहित जोड़ों ने गठजोड़े की जात, बच्चों के बाल उतरवाकर भक्तों ने पूजा-अर्चना की। वहीं, महिलाओं ने मां के मंदिर में पीपल के पेड़ पर धागा बांधकर मन्नत मांगी। मां के दरबार में भक्तों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं हो, इसको लेकर पुलिस कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई।