बहादुरगढ़। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और शिक्षा व्यवस्था में कथित अनियमितताओं के विरोध में रविवार को सीटू, सर्व कर्मचारी संघ और नागरिक सद्भावना समिति के बैनर तले प्रदर्शन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता नागरिक सद्भावना समिति के अध्यक्ष सतबीर दहिया और सर्व कर्मचारी संघ के विजेंद्र सैनी ने की। प्रदर्शनकारी देवीलाल पार्क में एकत्रित हुए और सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री का पुतला फूंका। वक्ताओं ने कहा कि लगातार बढ़ रही महंगाई ने आम लोगों, मजदूरों, किसानों और कर्मचारियों की कमर तोड़ दी है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और खाद्य पदार्थों की कीमतों में लगातार वृद्धि से लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है। वक्ताओं ने नीट परीक्षा पेपर लीक मामले पर भी चिंता जताते हुए इसे युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ बताया। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए बेहतर व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने की मांग की। धरने में सीटू की कन्वीनर किरण, नगर पालिका जिला प्रधान राजेंद्र, मुकेश, सुमेर कौशिक, धनराज तहलान, रविंद्र दलाल, संजीव, राजू, सुनील, शुभम, सुदेश, सुनीता, सीमा, लक्ष्मी, पूजा और सरिता सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।