फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दिल्ली कूच से पहले बहादुरगढ़ में पंजाब के किसानों की बसें रोकीं, विरोध में बाईपास पर लगाया जाम

भारत-अमेरिका समझौते को रद्द करने की मांग को लेकर दिल्ली कूच कर रहे भारतीय किसान यूनियन (एकता उगराहां) के किसानों को मंगलवार सुबह बहादुरगढ़ के पास अर्बन एक्सटेंशन रोड (यूईआर) पर दिल्ली पुलिस ने रोक दिया। किसानों की करीब पांच बसों को दिल्ली की ओर बढ़ने नहीं दिया गया, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया। जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8:15 बजे पंजाब के पटियाला सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों किसान बसों में सवार होकर दिल्ली की ओर जा रहे थे। पुलिस द्वारा आगे बढ़ने से रोकने पर किसानों ने इसका विरोध किया और बहादुरगढ़ बाईपास के पास यूईआर पर जाम लगा दिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसान नेताओं का कहना है कि वे भारत-अमेरिका समझौते के विरोध में शांतिपूर्ण तरीके से दिल्ली कूच कर रहे थे, लेकिन उन्हें दिल्ली में प्रवेश से पहले ही रोक दिया गया। किसानों ने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए विरोध दर्ज कराया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा किसानों से बातचीत कर जाम खुलवाने के प्रयास शुरू किए। समाचार लिखे जाने तक किसान मौके पर डटे हुए थे और प्रशासन के साथ वार्ता जारी थी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें