अटेला कलां क्रशर जोन में रेली के चट्टे के दबने से भवन निर्माण सामग्री सप्लायर की मौत हो गई। मृतक शबीर अली 50 नजफगढ़ का रहने वाला था। उसके बेटे के बयान पर अटेला कलां चौकी पुलिस ने इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की है। अटेला कलां चौकी पुलिस को दिए बयान में नजफगढ़ निवासी अरशद अली ने बताया कि उसका पिता शबीर अली नजफगढ़ में भवन निर्माण सामग्री सप्लायर थे। वो क्रशर जोन से भवन निर्माण सामग्री खरीदकर बेचते थे। कई सालों से वो यह काम करते थे और उनके पास मालवाहक वाहन भी हैं। अरशद अली ने बताया कि बुधवार को उसके पिता भवन निर्माण सामग्री खरीदने के लिए नजफगढ़ से चरखी दादरी जिले के अटेला कलां क्रशर जोन में आए थे। वो क्रशर जोन में खड़े होकर बात कर रहे थे और उसी दौरान वहां लगा रेती का चट्टा ढह गया और उसके पिता नीचे दब गए। मृतक शबीर अली का वीरवार दोपहर अटेला कलां चौकी पुलिस ने दादरी नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया। बचाव के प्रयास हुए विफल मौके पर मौजूद श्रमिकों ने बचाव कार्य शुरू करते हुए शबीर अली को रेती के ढेर से बाहर निकाला और उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। एफएसएल टीम भी पहुंची वीरवार को एफएसएल टीम ने भी मृतक के शव की जांच की। मौत का कारण दम घुटना बताया जा रहा है। पहले एफएसएल टीम नागरिक अस्पताल पहुंची और इसके बाद जायजा लेने हादसास्थल पर भी पहुंची। अधिकारी के अनुसार इस संबंध में मृतक के बेटे केबयान पर इत्तफाकिया मौत संबंधी कार्रवाई की गई है। नजफगढ़ निवासी शबीर अली का दादरी नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। सुमित कुमार, जांच अधिकारी एवं हेड कांस्टेबल, अटेला कलां चौकी