हरियाणा के झज्जर में भाजपा प्रत्याशियों के विरोध पर पूछे गए सवाल पर पूर्व उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि आज के दिन तो मेरा भी मन करता है कि मैं उनका विरोध करूं। यह पीड़ा पुरानी नहीं बल्कि नई है। वह शुक्रवार को पार्टी के निर्माणाधीन कार्यालय के निरीक्षण के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि आज किसान ट्रालियां लेकर लाइनों में खड़ा है। उसकी फसल खरीद नहीं हो रही। झज्जर में नमी के नाम पर 300-300 रुपये काटे गए हैं। यह सरासर किसान के साथ अन्याय है। साढ़े चार साल हमने किसानों को परेशानी नहीं आने दी। इस सरकार ने अब किसान की मदद करने की बजाय कमजोर किया है।