थाना बेरी के अंतर्गत आने वाले गांव दूबलधन-माजरा मार्ग पर ऑटो व बाइक की टक्कर हो गई। हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल में भिजवाया गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार गांव माजरा डी निवासी जयभगवान (64) अपने खेत से काम निपटाने के बाद बाइक पर सवार वापिस अपने घर जा रहा था। तभी ऑटो चालक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की मौत हो गई। जयभगवान के परिजनों ने बताया कि वह खेती बाड़ी का काम करता था और खेत से घर आते समय हादसा हुआ है। जांच अधिकारी योमेश ने बताया कि रात को ऑटो की टक्कर से व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं दुर्घटना होते ही ऑटो छोड़कर ड्राइवर मौके से फरार हो गया था। वहीं मृतक के परिजनों के बयान पर ऑटो ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। वहीं मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करा परिजनों को सौंप दिया गया है।