दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्रसंघ के प्रधान का चुनाव जीतने के बाद आर्यन मान बहादुरगढ़ पहुंचे। सबसे पहले उन्होंने झाड़ौदा स्थित अपने कुल देवता बाबा हरिदास मंदिर में माथा टेका और उनका आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने बाबा हरिदास मंदिर में एक ध्वजा भी चढ़ाई। आर्यन मान ने छात्र संघ चुनाव की जीत अपने गांव और देहात के छात्रों को समर्पित की है। आर्यन मान का कहना है कि वह क्षेत्र की हर खाप और उस स्थान पर धन्यवाद के लिए जाएंगे जिन्होंने उनका साथ दिया है। आर्यन मान का कहना है कि वह खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं और साधन उपलब्ध करवाने के लिए काम करेंगे। दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ के नव निर्वाचित प्रधान आर्यन मान का कहना है कि आज के समय में छात्रों पर पढ़ाई का बहुत ज्यादा प्रेशर है। जिसके कारण छात्र अवसाद में चले जाते हैं। उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से जुड़े हर एक कॉलेज में छात्रों के लिए मानसिक स्वास्थ्य काउंसलर नियुक्त करवाने की बात कही। आर्यन मान का कहना है कि छात्र संघ के चुनाव में उन्हें सबसे ज्यादा सहयोग उनके माता-पिता और भाई बहनों का मिला है। उन्होंने बताया कि हरियाणा के हर वर्ग और समाज के सहयोग ने उनका हौसला बढ़ाया। आर्यन का कहना है कि बिना खाने-पीने का ध्यान रखें दिन-रात मेहनत के दम पर उसने यह मुकाम हासिल किया है। आर्यन मान का कहना है कि उन्हें दिल्ली, हरियाणा राजस्थान और उत्तर प्रदेश के छात्रों के साथ-साथ देश भर के छात्रों का सहयोग मिला। इसी के चलते उन्हें 16 हजार 196 वोटो से जीत मिली है। मान का कहना है कि दिल्ली यूनिवर्सिटी में हरियाणा के बहुत सारे खिलाड़ी पढ़ते हैं जो खेल भी खेलते हैं, ऐसे छात्रों को खेल के लिए बेहतर सुविधा उपलब्ध करवाना भी उनका लक्ष्य रहेगा। आर्यन मान ने अपने पैतृक गांव के मंदिर में भी शीश झुका कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान ग्रामीणों ने अपने बेटे का मोमेंटो देकर सम्मान भी किया।