सिविल अस्पताल के तीसरे तल पर कैंसर पीड़ित मरीजों के लिए डे केयर सेंटर खोला जा रहा है। तीसरे तल पर 6 बेड का वार्ड तैयार किया गया है, जो दो कमरों में बनाया जा रहा है। एक कमरे में महिलाओं और दूसरे कमरे में पुरुष मरीजों के लिए तीन-तीन बेड लगाए गए हैं। फिलहाल यहां पर बेड लगा दिए गए हैं। इसके अलावा आक्सीजन कंसट्रेटर, आक्सीजन सिलिंडर रखवाए गए हैं। आगामी 26 जनवरी को प्रदेश के मुख्यमंत्री कैंसर डे केयर सेंटरों का उद्घाटन कर सकते हैं। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को फिलहाल मौखिक रूप से इसकी जानकारी दे दी गई है। अभी लिखित सूचना आनी बाकी है। स्वास्थ्य विभाग की तरफ से इसे पूरी तरह से तैयार किया जा रहा है। अभी दवाईयां व अन्य उपकरण आने बाकी हैं। इस कैंसर डे केयर सेंटर पर बाढ़सा एम्स में ओपीडी के बाद मरीजों को इलाज के लिए सिविल अस्पताल रेफर किया जा रहा है। एम्स के चिकित्सक बताएंगे कि मरीजों को कौन सी स्टेज का कैंसर हैं और क्या दवाईयां दी जानी हैं। उसके बाद सिविल अस्पताल में आने वाले मरीजों को कीमोथैरेपी दी जाएगी। इसके अलावा कीमोथैरेपी देने के बाद होने वाले साइड इफैक्ट्स का भी इलाज यहीं किया जाएगा। इसके लिए बाकायदा सिविल अस्पताल के दो चिकित्सकों को एम्स की तरफ से ट्रेनिंग भी दी गई है। अब यहीं दोनों चिकित्सक ही अस्पताल में कैंसर वार्ड की देखरेख करेंगे। यहां बता दें कि सिविल अस्पताल में कैंसर पीड़ित मरीजों की ओपीडी फिलहाल मंगलवार को होती है। यह सामान व दवा आनी बाकी फिलहाल अस्पताल के वार्ड में बेड लगाए गए हैं। इसके अलावा आक्सीजन कंसट्रेटर लगा दिए गए हैं। इसके अलावा कीमोथेरेपी मेडिसन, मल्टीपैरा मॉनिटर, सक्सन मशीन, एयर कंडीशनर व अन्य सामान आना बाकी है। इसकी मांग मुख्यालय से की गई है।