हांसी। करीब आधे घंटे की बारिश ने हांसी शहर की जलनिकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। थोड़ी सी बारिश होते ही शहर की सड़कें पानी से लबालब हो गईं। कई जगह हालात ऐसे बन गए कि सड़कें स्विमिंग पूल जैसी नजर आने लगीं। बरसाती पानी दुकानों और वाहनों के अंदर तक घुस गया, जिससे दुकानदारों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। आपको बता दे कि बारिश के बाद बस स्टैंड, मॉडल टाउन, बड़सी गेट, उमरा गेट, पुरानी सब्जी मंडी, अंबेडकर चौक समेत शहर के अनेक हिस्सों में जलभराव देखने को मिला। सड़कों पर कई-कई घंटे तक पानी जमा रहा। लोगों को पैदल निकलने में भी परेशानी हुई, जबकि दोपहिया वाहन चालकों को भी भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। शहरवासियों का आरोप है कि थोड़ी सी बारिश में ही सिवरेज और जलनिकासी व्यवस्था फेल हो जाती है। जनस्वास्थ्य विभाग द्वारा सीवरेज व्यवस्था दुरुस्त होने और जलभराव की समस्या दूर करने के दावे किए जाते हैं, लेकिन बारिश होते ही जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आती है। छात्रा सोनिया ने कहा कि शहर में हालात बेहद खराब हैं। बारिश के बाद सड़कों पर इतना पानी भर गया है कि निकलना मुश्किल हो रहा है। वहीं शहरवासी सतबीर सिंह ने कहा कि पूरे शहर में तालाब जैसे हालात बन गए हैं। लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है और प्रशासन को इस समस्या का स्थायी समाधान करना चाहिए। वहीं शुभम सैनी ने कहा कि थोड़ी देर की बारिश ने ही शहर की व्यवस्थाओं की पूरी पोल खोल दी है। अगर कुछ घंटे और बारिश हो जाए तो हालात कितने गंभीर हो सकते हैं, इसका अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है। शहरवासियों का कहना है कि हर बार बारिश के बाद यही तस्वीर सामने आती है, लेकिन समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो रहा। सवाल यह है कि आखिर कब सुधरेगी हांसी की जलनिकासी व्यवस्था और कब मिलेगी शहरवासियों को जलभराव से राहत?