हांसी उपमंडल के गांव चानौत में भाखड़ा के पानी के अधिकार को लेकर चल रहा जल आंदोलन मंगलवार तड़के बेहद उग्र हो गया। रात करीब 2 बजे जिला प्रशासन ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में शहरी पाइपलाइन पर लगाए गए टी-पॉइंट को हटा दिया। इस कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों और पुलिस के बीच भारी टकराव हुआ, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा और आंसू गैस के गोले भी छोड़ने पड़े। इस झड़प में बास थाना के सब-इंस्पेक्टर प्रीतम गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है।