फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिसार: संस्कृति समिति महिला सशक्तिकरण की दिशा में कर रहा काम

समाज में सकारात्मक बदलाव और महिला सशक्तिकरण को दिशा देने के उद्देश्य से शहर की कुछ जागरूक महिलाओं ने मिलकर एक ऐसा मंच तैयार किया, जिसने न केवल महिलाओं को एकजुट किया बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों को नई पहचान भी दिलाई। इसी सोच और सेवा भावना से ‘संस्कृति समिति’ का गठन हुआ, जो आज शहर में एक सक्रिय और प्रभावशाली संगठन के रूप में स्थापित है। समिति की प्रधान रेनू लाहौरिया बताती हैं कि ‘संस्कृति समिति’ की शुरुआत वर्ष 2019 में एक नवाचारपूर्ण आयोजन इको फ्रेंडली दशहरा के माध्यम से हुई। शहर में पहली बार आयोजित इस कार्यक्रम में परंपरागत रावण दहन न कर एक प्रतीकात्मक रावण तैयार किया गया, जिस पर समाज की विभिन्न बुराइयों को लिखकर उन्हें त्यागने का संदेश दिया गया। समिति की महिलाओं ने अपनी-अपनी एक बुराई लिखकर उसे प्रतीकात्मक रावण पर लगाया और लोगों को आत्म-सुधार की प्रेरणा दी। यह आयोजन बेहद सफल रहा और बड़ी संख्या में लोगों ने इसे सराहा। रेनू लाहौरिया के अनुसार, समिति को मजबूत बनाने में विनीता का विशेष योगदान रहा। उन्होंने घर-घर जाकर महिलाओं को संगठन से जोड़ने का काम किया। लगातार प्रयासों का ही परिणाम है कि आज ‘संस्कृति समिति’ में लगभग 400 महिलाएं सक्रिय रूप से जुड़ी हैं। डॉक्टर, सीए, व्यवसायी परिवारों की महिलाएं तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़ी सदस्य टीम बनाकर समाजसेवा और संस्कृति से संबंधित कार्यक्रमों में सक्रिय भूमिका निभाती हैं। समिति के आयोजनों को सफल बनाने में शहर के कई स्पॉन्सर्स ने भी महत्वपूर्ण सहयोग दिया। इसी समर्थन की बदौलत समिति द्वारा प्रस्तुत ‘रास गोविंदम’ जैसे कार्यक्रमों को शहर में खूब सराहना मिली। जन्माष्टमी के अवसर पर मोक्ष वृंदावन आश्रम में धार्मिक आयोजन कर समिति ने अध्यात्म और समाजसेवा दोनों को साथ लेकर चलने की पहल की। सामाजिक कार्यों में भी समिति लगातार सक्रिय रहती है। समय-समय पर झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में जाकर जरूरतमंद परिवारों को भोजन, कपड़े और राशन उपलब्ध कराया जाता है। रेनू लाहौरिया कहती हैं कि संगठन का उद्देश्य केवल कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि समाज के कमजोर वर्गों तक वास्तविक सहायता पहुंचाना है। भविष्य की योजनाओं को लेकर समिति कई नए और रचनात्मक कार्यक्रमों पर काम कर रही है। तीज और करवाचौथ जैसे पारंपरिक आयोजनों से आगे बढ़ते हुए इस बार कुछ नया और सृजनात्मक प्रस्तुत करने की तैयारी है। साथ ही, जनवरी में एक बड़े प्रायोजित कार्यक्रम का आयोजन भी प्रस्तावित है। रेनू लाहौरिया का कहना है कि शुरुआत से ही उनका उद्देश्य उन महिलाओं को मंच देना रहा है जिनमें प्रतिभा तो होती है लेकिन वे संकोच या अवसर की कमी के कारण आगे नहीं आ पातीं। समिति उन्हें अपनी प्रतिभा को निखारने और समाज के सामने रखने का मौका देती है। रेनू लाहौरिया का मानना है कि समिति की टीम और प्रायोजकों के सहयोग के बिना यह सफर संभव नहीं था। आगे भी ‘संस्कृति समिति’ समाजसेवा, संस्कृति और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अपने योगदान को और विस्तृत करती रहेगी।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें