नगर परिषद में ठेकेदार के तहत काम करने वाले 70 सफाई कर्मचारियों को तीन माह का वेतन नहीं मिलने के कारण गंभीर आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। इसको लेकर कर्मचारी नगर परिषद कार्यालय में डीएमसी लक्षित सरीन से मिलने पहुंचे। डीएमसी ने कर्मचारियों को कहा कि जल्दी ही समस्या का समाधान करेंगे। इस मामले में जब मीडियाकर्मियों ने हांसी के डीएमसी लक्षित सरीन से सफाई कर्मचारियों के लंबित वेतन को लेकर मिलने के कहा गया तो उन्होंने इस विषय पर कोई टिप्पणी करने से इनकार कर दिया। कर्मचारियों का कहना है कि लगातार वेतन में हो रही देरी से घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है और अब उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। आर्थिक तंगी के चलते परिवार का पालन-पोषण करना मुश्किल हो रहा है। कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार अधिकारियों और ठेकेदार से शिकायत करने के बावजूद उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ। ठेके पर लगी सफाई कर्मचारी रचना ने बताया कि वेतन नहीं मिलने से परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि परिवार में कमाने वाला कोई दूसरा सदस्य नहीं है, जिसके कारण घर का पूरा खर्च उनकी आय पर निर्भर है। बच्चों की स्कूल फीस तक जमा नहीं हो पा रही है और दैनिक जरूरतों को पूरा करना भी मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि ढाई महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद उन्हें वेतन नहीं मिला और उनकी सुनवाई कहीं नहीं हो रही। उन्होंने प्रशासन और नगर परिषद से जल्द से जल्द बकाया वेतन जारी करने की मांग की है ताकि उनके परिवारों को राहत मिल सके। वहीं नगर पालिका सफाई कर्मचारी हांसी जिला प्रधान बलजीत सिंह ने बताया कि ठेकेदार के तहत लगे ये 70 सफाई कर्मचारियों को पिछले ढाई महीने से सैलरी नहीं मिली है। घर का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। इनके बच्चों की फीस तक भरने के पैसे नहीं हैं। परिवार में दूसरा कोई कमाने वाला नहीं है। कई बार अधिकारियों से बात की, लेकिन अभी तक कोई समाधान नहीं हुआ। अगर जल्द इनको नहीं सैलरी मिली तो ये 70 कर्मचारी हड़ताल पर बैठेंगे। ओर नगर परिषद के सफाई कर्मचारी इनकी सैलरी दिलवाकर ही दम लेंगे।