महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से मंगलवार को महाबीर स्टेडियम में जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता को लेकर महिलाओं का काफी जोश देखने को मिला। इस अवसर पर विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ नगराधीश हरिराम ने किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं और यह केवल शारीरिक गतिविधि नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण की एक सशक्त प्रक्रिया है। नगराधीश ने कहा कि आज की महिला हर क्षेत्र जैसे शिक्षा, प्रशासन, विज्ञान, सेना या खेल मैदान आदि में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। समाज में महिलाओं को आगे बढ़ने के लिए सकारात्मक वातावरण और अवसर प्रदान करना हम सभी की जिम्मेदारी है। महिला एवं बाल विकास विभाग की जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा ने कहा कि विभाग का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को सशक्त बनाना है और खेलकूद प्रतियोगिताएं उनके सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम हैं। इस दौरान म्यूजिकल चेयर, डिस्कस थ्रो, 100 मीटर 300 मीटर दौड़, 400 मीटर दौड़ और 5 किलोमीटर साइकिल रेस का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में विजेता रही खिलाडिय़ों को जिला कार्यक्रम अधिकारी मंजू राणा ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर सीडीपीओ अनीता खुराना, सुमन पाहुजा, सत्यबाला, कविता रानी, कृष्ण चहल आदि मौजूद रहे।