खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने अवैध रूप से घरेलू गैस सिलेंडरों के इस्तेमाल के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए त्रिकोणा पार्क से उमरा गेट तक छापेमारी अभियान चलाया। विभाग की टीम ने एक ढाबे सहित चार स्थानों पर छापेमारी कर कुल 9 गैस सिलेंडर बरामद किए। जिनमें 3 कमर्शियल और 6 घरेलू सिलेंडर शामिल हैं। जिला खाद्य एवं आपूर्ति अधिकारी अनुराधा जांगड़ा ने बताया कि विभाग को काफी दिनों से घरेलू गैस सिलेंडरों के गैरकानूनी उपयोग की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर यह कार्रवाई की गई। जांच के दौरान जिन स्थानों पर सिलेंडर मिले, वहां उनके संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। विभाग ने पकड़े गए सिलेंडरों के मालिकों को नोटिस जारी कर दिया है और उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग व्यावसायिक कार्यों तथा वाहनों सहित अन्य गैरकानूनी उद्देश्यों के लिए किया जा रहा था। अनुराधा जांगड़ा ने कहा कि विभाग की ओर से आगे भी ऐसे छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेंगे। उन्होंने आम लोगों से अपील की कि घरेलू गैस सिलेंडरों का गलत और अवैध उपयोग न करें, अन्यथा नियमों के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।