नवीन शर्मा 29 जुलाई के हमले पर कर्मचारियों का सांकेतिक धरना, 11 अगस्त को डीसी-एसपी को सौंपेंगे ज्ञापन, जेई एसोसिएशन ने भी दिया समर्थन हांसी में 29 जुलाई को सिवानी फीडर पर नहरी पानी चोरी रोकने गई सिंचाई विभाग की टीम पर हुए हमले के विरोध में शुक्रवार को सिंचाई विभाग कर्मचारियों ने सांकेतिक धरना देकर जोरदार प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि एक सप्ताह से अधिक समय बीतने के बावजूद पुलिस ने केवल एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि बाकी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं। शाखा प्रधान अशोक यादव ने चेतावनी दी कि यदि अगले दो दिनों में सभी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई तो 11 अगस्त को डीसी और एसपी को ज्ञापन सौंपा जाएगा, और इसके बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर 12 अगस्त से सिंचाई विभाग के कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। कर्मचारी नेताओं ने कहा कि ड्यूटी के दौरान कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। वहीं, जेई एसोसिएशन ने भी आंदोलन को समर्थन देने का भरोसा दिया है। कर्मचारियों ने मांग की कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में सरकारी कर्मचारियों पर इस तरह के हमले न हों।