सिंचाई विभाग के कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सोमवार को सिंचाई विभाग के फव्वारा चौक स्थित कार्यालय में धरना दिया। इस दौरान कर्मचारियों ने धरना देकर विरोध जताया और प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। कर्मचारियों ने एलान करते हुए कहा कि हमारी मांगाें को पूरा नहीं किया गया तो आंदोलन को तेज करेंगे। पीडब्ल्यूडी मैकेनिकल वर्कर यूनियन के जिला सचिव दीपक मेहरा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने राजन गुप्ता की अध्यक्षता में एक आयोग गठित किया था जिसमें फील्ड कर्मचारियों के करीब 16 हजार से अधिक पदों को समाप्त कर दिया है। इसमें सिंचाई विभाग, लोक निर्माण विभाग तथा जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के 16 हजार पदों को समाप्त करने की रिपोर्ट दी है। सरकार ने रोजगार को खत्म करने का प्रयास किया है। इसी के विरोध में यह प्रदर्शन किया जा रहा है। वरिष्ठ उपप्रधान रविंद्र शर्मा ने कहा कि लंबे समय से हरियाणा पीडब्ल्यूडी वर्कर यूनियन के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर लगातार लड़ रहे हैं। सरकार हमारी मांगों को पूरा करने की बजाए टरकाने का काम कर रही है।