पूर्व सीएम एवं नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में बदमाश रोजाना मर्डर कर रहे हैं। उनको पकड़ने में तो सरकार पूरी तरह से विफल है। जनहित के मुद्दे उठा रहे विपक्ष के विधायकों पर केस दर्ज कर रही है। विधायकों को हिरासत में ले रही है। देश में सबसे अधिक असुरक्षित प्रदेश हरियाणा है। यहां सैंकड़ों गैंग बने हुए हैं। जेलों तथा विदेशों में बैठे गैंगस्टर अपने गुर्गाें के जरिए रोजाना हत्याएं करा रहे हैं। खुलेआम फिरौती-रंगदारी मांग रहे हैं। हम विधानसभा सत्र में कानून व्यवस्था को लेकर काम रोको प्रस्ताव लेकर आएंगे। हिसार में मिलेनियम पैलेस में शादी समारोह में पहुंचे पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि कानून व्यवस्था को बनाए रखने में विफल सरकार विपक्ष के विधायकों पर अपनी खुन्नस निकाल रही है। हमारे विधायक देवेंद्र हंस ने क्या गलत कहा था। उन्होंने सरकार की नाकामी ही तो गिनाई थी। बुढापा पेंशन को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि सरकार का कोई स्टैंड नहीं है। सीएम के बयान आते हैं कि कोई पेंशन कटी नहींं। अब बयान आता है कि हम 70 पेंशन को बहाल कर रहे हैं। अगर कोई पेंशन कटी नहीं तो बहाल क्या कर रहे हैं? बहुत बड़ी संख्या में पेंशन कटी हैं। फैमिली आईडी के नाम पर लोगों को परेशान किया हुआ है।इसके आधार पर कभी पेंशन काटते हैं तो कभी राशन कार्ड काटते हैं।इस पेंशन का आय से क्या लेना-देना । यह तो बुजुर्गाें का सम्मान भत्ता है।सभी बुजुर्गाें को यह मिलना चाहिए। नीति आयोग की रिपोर्ट के अनुसार हरियाणा में देश में सबसे अधिक 14 लाख राशन कार्ड काटे जा चुके हैं। चुनाव से पहले लाखों लोगों के राशन कार्ड, पेंशन बना दिए । अब उनको काटा जा रहा है। अगर वह पात्र नहीं थे तो उनके राशन कार्ड- पेंशन बनाई क्यों? अगर सही थे तो अब काट क्यों रहे हो।