फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

हिसार में लड़ते हुए गोवंश गली में बैठी बुजुर्ग महिला पर गिरे, मौत

हिसार के वार्ड 9 की श्रीनगर कॉलोनी में मंगलवार शाम को लड़ते हुए गोवंश गली में बैठी बुजुर्ग महिला पर गिर गए। इस हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। परिजनों ने महिला को एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई। बुधवार को जिला नागरिक अस्पताल में महिला के शव का पोस्टमार्टम करवाया गया। जिला नागरिक अस्पताल में श्रीनगर कॉलोनी निवासी सतबीर ने बताया कि मेरा घर श्रीनगर कॉलोनी में बाबा जोतराम मंदिर वाली गली में है। मंगलवार शाम को मैं, मेरी मां संतोष (80) व अन्य घर वाले घर के बाहर बैठे हुए थे। शाम साढ़े 4 से 5 बजे के बीच कुछ गोवंश लड़ते हुए गली में आए। इसी बीच उनमें एक गोवंश मेरी मां के ऊपर गिर गया, जिससे वह गोवंश के नीचे दब गई। यह देखकर घर वाले और आस पड़ोस लोगों ने गोवंश को वहां से भगाया और मां को संभाला। वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। हम उन्हें तुरंत जिंदल अस्पताल ले गए। यहां उनका इलाज शुरू किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि उनके सिर में गंभीर चोट आई है। साथ ही कूल्हे व जांघ की हड्डी में भी फ्रैक्चर आए हैं। रात करीब साढ़े 9 बजे चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुआ हादसा यह हादसा सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हुआ है। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार बुजुर्ग महिला घर के बाहर गली में कुर्सी डालकर बैठी हुई थी। उसके पीछे की तरफ से तीन गोवंश गली में आते हैं। अचानक ही दो गोवंश लड़ना शुरू कर देते हैं। चूंकि गोवंश महिला के पीछे हैं तो महिला उन्हें देख नहीं पा रही है। इसी बीच महिला लड़ते हुए गोवंश की चपेट में आ जाती है। यही नहीं एक गोवंश महिला के ऊपर ही गिर जाता है। कुछ सेकेंडों तक गोवंश महिला के ऊपर ही पड़ा रहता है और फिर खुद ही उठ जाता है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें