पंजाब सरकार की ओर खनोरी- सिंधु बार्डर पर धरनारत किसानों पर लाठीचार्ज के विरोध में किसानों ने सोमवार को पंजाब सरकार के सीएम का पुतला फूंका। किसानों ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। प्रदर्शनकारी किसानों ने कहा कि शांतिपूर्वक धरना दे रहे किसानों पर इस तरह की कार्रवाई को सहन नहीं किया जाएगा। आजाद नगर में प्रदर्शनकारी किसानों की पंजाब के सीएम भगवंत मान का पुतला भी जलाया। प्रदर्शनकारी किसान बलराज मलिक ने कहा कि पंजाब सरकार की कार्रवाई का जोरदार तरीके से जवाब देंगे। किसानों ने कहा कि पिछले 13 महीने से किसान यहां धरना दे रहे थे। किसान यहां पर धरना देने के लिए नहीं आए थे। वह अपनी मांगों को लेकर दिल्ली जाना चाहते थे। पंजाब व हरियाणा सरकार ने बार्डर बंद कर किसानों को यहां धरना देने को मजबूरकिया। किसान नेता जगजीत सिंह डल्लेवाल शांतिपूर्वक तरीके से यहां धरना दे रहे थे। उनके समर्थन में हरियाणा, पंजाब, उत्तरप्रदेश, उतराखंड सहित देश के कई राज्यों के किसान पहुंच रहे थे। किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार किसानों की मांगों को पूरा करे। एमएसपी सहित अन्य मांगाें को लेकर किसान लंबे समय से विरोध जता रहे हैं। केंद्र सरकार इन मांगों को पूरा करना तो दूर इन पर बातचीत करने तक को तैयार नहीं है।