पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की लापरवाही का खामियाजा हजारों लोगों को भुगतना पड़ा, जब बिना किसी पूर्व सूचना के हिसार की लाइफलाइन माने जाने वाले दिल्ली रोड स्थित जिंदल पुल को ट्रैफिक के लिए ब्लॉक कर दिया गया। अचानक हुए इस बदलाव से ट्रैफिक को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट कर दिया गया, जिससे सूर्य नगर अंडरपास समेत अन्य मार्गों पर भारी जाम लग गया। बिना योजना के बंद किया गया पुल दरअसल, दिल्ली रोड पर कारपेटिंग का कार्य चल रहा है, जिसके तहत शनिवार और रविवार को जिंदल पुल पर मरम्मत का फैसला लिया गया। लेकिन इस कार्य के लिए न तो कोई ठोस योजना बनाई गई, न ही आम जनता को पहले से कोई जानकारी दी गई। वैकल्पिक रूट पूरी तरह तैयार न होने के कारण हजारों वाहन चालक घंटों जाम में फंसे रहे। सिर्फ ड्रम लगाकर बंद कर दिया रास्ता जब लोग रोजाना की तरह जिंदल पुल से गुजरने पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि सड़क पर केवल ड्रम लगाकर 'रोड बंद' का बोर्ड रखा गया था। किसी भी प्रकार की उचित यातायात व्यवस्था नहीं थी, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। लोगों में रोष, प्रशासन पर उठे सवाल इस लापरवाही से गुस्साए लोगों ने प्रशासन और पीडब्ल्यूडी विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर की। लोगों का कहना है कि अगर काम पहले से निर्धारित था, तो इसकी सूचना सार्वजनिक क्यों नहीं दी गई? वहीं, यातायात पुलिस की ओर से भी कोई प्रभावी इंतजाम नहीं किए गए, जिससे स्थिति और खराब हो गई।