गुरु जंभेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (जीजेयू) के कुलपति प्रो. नरसीराम बिश्नोई ने कहा कि पूर्व विद्यार्थी किसी भी शिक्षण संस्थान के ब्रांड एंबेसडर होते हैं। विद्यार्थी या पूर्व विद्यार्थी जब राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवपूर्ण उपलब्धियां हासिल कर राष्ट्र निर्माण में योगदान देते हैं तो संस्थान गौरवान्वित होता है। प्रो. नरसी राम बिश्नोई शनिवार को विवि के प्रिंटिंग टेक्नोलॉजी विभाग के प्रथम बैच (1996 से 2000) की रजत जयंती के उपलक्ष्य में विश्वविद्यालय (विवि) के सीआरएस सभागार में आयोजित एलुमनाई मीट को बतौर मुख्यातिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि एलुमनाई किसी भी संस्थान की सबसे बड़ी ताकत होते हैं और उनके अनुभव व सहयोग से नई पीढ़ी को सही दिशा मिलती है। उन्होंने पूर्व विद्यार्थियों से कहा कि वे प्रोफेसर ऑफ प्रैक्टिस के रूप में जुड़कर विवि के विकास में अपना योगदान दे सकते हैं। पूर्व विद्यार्थी एसोसिएशन के अधिष्ठाता प्रो. कर्मपाल नरवाल विशिष्ट अतिथि रहे। समारोह में देश और विदेश के विभिन्न हिस्सों से 150 से अधिक एलुमनाई शामिल हुए। यह कार्यक्रम विशेष रूप से वर्ष 1996 से 2000 सत्र के प्रथम बैच के पूर्व विद्यार्थियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया गया था, जिन्होंने प्रिंटिंग, पैकेजिंग और संबंधित उद्योगों में 25 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पूरी करते हुए उद्योग जगत में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई है।