नवीन शर्मा हांसी। शहर को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एडीसी लक्षित सरीन ने शुक्रवार को पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ अहम बैठक की। बैठक में बाजारों की सफाई व्यवस्था, अतिक्रमण, कचरा प्रबंधन और शहर को स्वच्छ बनाने को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान करीब 40 व्यापारिक प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक में एडीसी लक्षित सरीन ने व्यापारियों से अपील की कि दुकानों का कचरा सड़कों पर फेंकने के बजाय डस्टबिन में एकत्रित करें और डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण करने वाले टीपर में डालें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और हरित हांसी बनाने में व्यापारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। इसी उद्देश्य से व्यापारिक प्रतिनिधियों को डस्टबिन भी वितरित किए गए, ताकि वे अपनी-अपनी मार्केट में दुकानदारों को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर सकें। एडीसी ने स्पष्ट किया कि यदि कोई दुकानदार सड़कों पर कचरा फेंकता है या अतिक्रमण करता है तो उसके खिलाफ भारी जुर्माना लगाया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी व्यापारी संगठनों ने प्रशासन के साथ मिलकर स्वच्छ और सुंदर हांसी बनाने का भरोसा दिया है। व्यापार मंडल हांसी के प्रधान प्रवीण तायल ने प्रशासन को सफाई व्यवस्था में पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया। साथ ही व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं और मांगों से भी एडीसी को अवगत कराया गया। बैठक में 30 जुलाई से लागू नई हाउस टैक्स नीति का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। व्यापारियों ने नई नीति का विरोध करते हुए कहा कि इससे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे को लेकर बुधवार को जिला उपायुक्त से मुलाकात की जाएगी। यदि उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं हुआ तो व्यापारी समाज चक्का जाम सहित आंदोलन करने को मजबूर होगा।