केंद्रीय एजेंसियों ने पाकिस्तान के लिए जासूसी के शक में गिरफ्तार यू-ट्यूबर ज्योति मल्होत्रा से पूछताछ पूरी कर ली है। अब हरियाणा पुलिस पूरी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को सौंपेगी। पांच दिन का रिमांड पूरी होने के बाद ज्योति को अदालत में पेश किया जाएगा। राष्ट्रीय अन्वेषण अभिकरण (एनआईए), इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) और मिलिट्री इंटेलिजेंस ने पुलिस रिमांड के दौरान ज्योति मल्होत्रा से तीन दिन तक पूछताछ की है। इसमें सभी एजेंसियों ने अपने-अपने तरीके से तथ्य जुटाकर अपनी रिपोर्ट तैयार की है। बुधवार को सिविल थाना पुलिस ने सेंट्रल जेल में ज्योति से सवाल पूछे। जांच अधिकारी इंस्पेक्टर निर्मला ने ज्योति से यू-ट्यूब पर वीडियो बनाने से लेकर पाकिस्तान की तीन बार की यात्राओं तक के बारे में जानकारी हासिल की। ज्योति से पहलगाम की घटना के बाद बनाए गए वीडियो के बारे में भी पूछताछ की।