नेशनल हाईवे-9 पर वीरवार दोपहर करीब सवा 12 बजे गांव दौलतपुर कट पर स्कूटी और रोडवेज बस की टक्कर हो गई। टक्कर लगने से स्कूटी सवार महिला घायल हो गई। महिला इलेक्ट्रिक स्कूटी पर अपने मायके दौलतपुर जा रही थी। महिला के सिर, हाथ व शरीर पर कई जगह चोटें लगी हैं। इससे कुछ देर लिए रास्ता भी बाधित हो गया। घायल महिला को ट्रैफिक पुलिस की टीम ने अस्पताल पहुंचाया। साथ ही महिला के परिजनों को सूचना दी। गांव भोडियाखेड़ा निवासी पूजा अपने मायके दौलतपुर की ओर इलेक्ट्रिक स्कूटी पर अकेली जा रही थी। उसी दौरान नेशनल हाईवे पर दौलतपुर कट पर सिरसा से हिसार की ओर आ रही हरियाणा रोडवेज बस से उसकी टक्कर हो गई। इससे महिला स्कूटी समेत नीचे जा गिरी। ट्रैफिक एसएचओ जयसिंह ने बताया कि नजदीक ही मौजूद टीम के रमेश कुमार ने घायल महिला को संभाला और इंटरसेप्टर वाहन के माध्यम से उसे तुरंत फतेहाबाद के नागरिक अस्पताल पहुंचाया। सूचना पाकर महिला के परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। महिला का उपचार जारी है।