पहाड़ी क्षेत्र में बरसात स्थिर होने से घग्घर नदी में जलस्तर में गिरावट दर्ज की गईं है। सिंचाई विभाग की शुक्रवार सुबह की रिपोर्ट मुताबिक यहां नदी में पीछे से पानी का स्तर कम हुआ है, वहीं शुक्रवार सुबह चांदपुरा साइफन पर भी पानी तेजी से कम हुआ है। बता दें कि बीते दिनों पहाड़ी क्षेत्र में हुईं मूसलाधार बारिश से चांदपुरा हेड पर भी पिछले चार दिनों से पानी के स्तर में लगातार वृद्धि हो रही थी। विदित है कि गुरुवार शाम को चांदपुरा हेड पर 8 हज़ार क्यूसेक पानी मापा गया था, लेकिन पीछे से फिलहाल बरसात थमने पर शुक्रवार को यहां जलस्तर 3150 क्यूसेक दर्ज किया गया है। ऐसे में घग्घर नदी में फिलहाल स्थिति खतरे से बाहर है। इससे घग्घर के तटवर्तीय क्षेत्र के लोगों द्वारा हालांकि कुछ राहत की सांस ली गई है, लेकिन मौसम विभाग द्वारा आने वाले दिनों में भारी वर्षा होने की संभावना से क्षेत्रवासी भयभीत भी है, क्योंकि पीछे से बारिश होते ही फिर से घग्घर में पानी बढ़ने की आशंका है। इसे लेकर प्रशासन व किसान निरंतर चौकसी बरत रहे हैं। घग्घर में पानी का स्तर जब यूं घटता बढ़ता है तो इससे कटान का खतरा रहता है। शुक्रवार को नदी के चांदपुरा हेड पर जलस्तर तेज़ी से कम होने पर जिला उपायुक्त मनदीप कौर ने संबंधित अधिकारियों के साथ चांदपुरा हेड पर पहुंचकर मुआयना किया। इस दौरान उन्होंने सिंचाई विभाग के अधिकारियों को बाढ़ बचाव को लेकर पुख्ता प्रबंध करने व नदी के तटबंधों की निरंतर निगरानी रखने के आदेश दिए।