धारसुल गांव के पास नहर पुल पर शनिवार सुबह ग्रामीणों ने बिजली समस्या को लेकर जाखल-कुलां मार्ग जाम कर दिया। ग्रामीण सड़क पर बैठ गए, जिससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। इस दौरान सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से गांव में लाइट नहीं हैं। इससे खेती और घरेलू काम बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। कई बार शिकायत के बाद भी समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते मजबूरन सड़क जाम करनी पड़ी। ग्रामीण सुरेश, संदीप, मुकेश, संतोष, कमला ने कहा कि समस्या से परेशान होकर जाम लगाया है। सूचना मिलते ही कुलां चौकी इंचार्ज एएसआई जितेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। बिजली विभाग के एसडीओ संजय सिंगला भी ग्रामीणों से बातचीत करने पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया जा रहा है। एसडीओ संजय सिंगला व एएसआई जितेंद्र सिंह ने बताया कि ग्रामीणों से बात चल रही है।