शहर के रेलवे स्टेशन के पास बनी ऑटो मार्केट में सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र करीब 40 से 45 साल बताई जा रही है। उसकी पहचान नहीं हो पाई है। सूचना मिलते ही जाखल रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शव को टोहाना के नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवाया। जाखल रेलवे चौकी प्रभारी एएसआई सतीश कुमार ने बताया कि सुबह नागरिक अस्पताल से सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव मिला है। टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को नागरिक अस्पताल में भिजवाया है। मृतक की उम्र लगभग 50 साल और कद करीब 5 फुट 7 इंच है। उसने लोअर और टीशर्ट पहन रखी थी। पुलिस के अनुसार मृतक के शरीर पर चोट का कोई निशान नहीं मिला है। मौत के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पहचान न होने के चलते शव को 72 घंटे के लिए शवगृह में रखवाया गया है। आसपास के थानों में मृतक का हुलिया भिजवा दिया गया है। पुलिस ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति के परिजन लापता हैं और हुलिया इससे मेल खाता हो तो टोहाना नागरिक अस्पताल या जाखल रेलवे पुलिस से संपर्क करें। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा।