नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए आने वाले मरीजों को अब छोटी-छोटी रकम के भुगतान के लिए नकदी लेकर चलने की जरूरत नहीं होगी। अस्पताल में यूपीआई के माध्यम से भुगतान की सुविधा शुरू कर दी गई है। इसके तहत लाइसेंस फीस काउंटर और जनऔषधि केंद्र पर मरीज व अन्य लोग डिजिटल तरीके से पैसे जमा कर सकेंगे। इतना ही नहीं, ओपीडी में पंजीकरण के लिए लगने वाली पांच रुपये की फीस का भुगतान भी यूपीआई से किया जा सकेगा। इसको लेकर फिलहाल प्रक्रिया चल रही है। नागरिक अस्पताल में प्रतिदिन करीब डेढ़ हजार मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में पर्ची बनवाने से लेकर दवाइयां लेने और अन्य शुल्क जमा कराने के दौरान नकदी की जरूरत पड़ती है। कई बार मरीजों या उनके परिजनों के पास खुले पैसे नहीं होते। इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है। अब डिजिटल भुगतान की सुविधा मिलने से मरीजों को इस समस्या से राहत मिलेगी। ऐसे कर सकेंगे भुगतान अस्पताल में यूपीआई की सुविधा शुरू होने से भुगतान की प्रक्रिया भी आसान होगी। मरीज अपने मोबाइल फोन से क्यूआर कोड स्कैन कर निर्धारित राशि का भुगतान कर सकेंगे। इससे नकदी रखने और खुले पैसे जुटाने की जरूरत कम होगी। खासकर दूर-दराज के क्षेत्रों से आने वाले मरीजों और उनके परिजनों के लिए यह सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है। ओपीडी में प्रतिदिन बड़ी संख्या में मरीजों के पहुंचने के कारण पंजीकरण काउंटर पर भीड़ रहती है। पांच रुपये की पर्ची का शुल्क डिजिटल माध्यम से जमा करने का विकल्प मिलने से मरीजों को भुगतान में सहूलियत होगी। लाइसेंस फीस काउंटर और जनऔषधि केंद्र पर भी यूपीआई से लेनदेन किया जा सकेगा। -डॉ.सुभाष, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी।