राष्ट्रीय गणित दिवस के अवसर पर शिक्षा विभाग फतेहाबाद की ओर से तीन स्तरीय गणित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का आयोजन पीएमश्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, फतेहाबाद में जिला गणित विशेषज्ञ रमेश कुमार के नेतृत्व में किया गया, जिसमें जिले के विभिन्न स्कूलों से विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में गणित के प्रति रुचि बढ़ाने और तार्किक क्षमता को विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। प्रतियोगिता को तीन स्तरों में विभाजित किया गया था। पहले स्तर में कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों, दूसरे स्तर में कक्षा नौवीं और दसवीं के विद्यार्थियों तथा तीसरे स्तर में कक्षा ग्यारहवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों ने भाग लिया। प्रत्येक स्तर के प्रतिभागियों के लिए अलग-अलग प्रश्न तैयार किए गए, जिससे उनकी कक्षा के अनुसार ज्ञान और समझ का मूल्यांकन किया जा सके। टीम गठन के नियमों के अनुसार प्रत्येक टीम में अधिकतम तीन विद्यार्थी शामिल किए गए और सभी विद्यार्थियों का एक ही स्तर से होना अनिवार्य रखा गया। प्रतियोगिता के दौरान डिजिटल माध्यम का भी उपयोग किया गय। इससे प्रश्नोत्तरी को आधुनिक और रोचक बनाया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में गणित के प्रति भय को दूर कर उसे एक रोचक विषय के रूप में प्रस्तुत करना रहा। शिक्षकों ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों की समस्या समाधान क्षमता, तर्क शक्ति और आत्मविश्वास को बढ़ाने में सहायक होती हैं। प्रतियोगिता के दौरान छात्रों ने तेजी और सटीकता के साथ प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।