टोहाना-चंदड़ मार्ग पर गांव अमानी के पास रविवार को तेज रफ्तार अज्ञात कार ने मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को राहगीरों की मदद से तुरंत नागरिक अस्पताल टोहाना पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। राजू की हालत गंभीर देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, 40 वर्षीय गोपाल सिंह निवासी पंजाब के संगरुर जिले के गांव भूदड़ भैणी राजू के साथ थे दोनों पल्लेदारी का काम करते हैं और किसी काम से गांव चंदड़ जा रहे थे। जैसे ही वे अमानी बस अड्डा से कुछ आगे पहुंचे, तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही दोनों सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। हादसे के बाद कार चालक मौके से गाड़ी समेत फरार हो गया। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों घायलों के बयान दर्ज करने की कार्यवाही शुरू कर दी है। जसपाल ने बताया कि वह सभी पल्लेदारी का काम करते है, जैसे उनके पास राजू और गोपाल के घायल होने की सूचना मिली वे मौके पर पहुंचे और अस्पताल में ले लाए है।