शहर के हिसार-चंडीगढ़ रोड पर स्थित शहीद चौक प्रशासन की बेरुखी का शिकार हो रहा था, जहां शहीदों की प्रतिमाओं पर धूल और मिट्टी की मोटी परत जम चुकी थी। इस उपेक्षा को देखते हुए श्री राम ग्लोबल स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रिंसिपल डॉ. प्रीति जैन के नेतृत्व में सफाई अभियान चलाया। बच्चों ने प्रतिमाओं को साफ किया और उन्हें पानी से धोकर स्वच्छ बनाया। इसके बाद सभी विद्यार्थियों ने शहीदों को नमन करते हुए प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। प्रिंसिपल डॉ. प्रीति जैन ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों को शहीदों के बलिदान और उनकी गौरवशाली गाथा से अवगत कराने के लिए की गई थी। जब वे वहां पहुंचे, तो देखा कि प्रतिमाओं की स्थिति बेहद खराब थी। इस पर बच्चों ने तुरंत सफाई का कार्य शुरू किया। उन्होंने प्रशासन से आग्रह किया कि शहीद चौक को नियमित रूप से स्वच्छ रखा जाए और इसे उचित सम्मान दिया जाए। उन्होंने कहा कि हमें अपने शहीदों पर गर्व होना चाहिए और उनकी स्मृतियों को सम्मानपूर्वक संजोकर रखना चाहिए।