नशा तस्करी को लेकर जाखल पुलिस द्वारा शुक्रवार को शहर में डॉग स्क्वायड टीम के साथ सर्च अभियान चलाया। जिसमें थाना पुलिस द्वारा खासकर नशा तस्करी के मामलों में संदिग्ध लोगों के घरों में प्रशिक्षित कुत्तों के साथ सघन तलाशी ली गई। इस दौरान हालांकि पुलिस को कहीं से भी कोई नशीली वस्तु बरामद नहीं हुई, जबकि पुलिस का कहना है कि उनका यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा और नशा तस्करी करने वाले लोगों को किसी भी सूरत में बक्शा नहीं जाएगा। शहर में अवैध मादक पदार्थों की रोकथाम को लेकर शुक्रवार सुबह जाखल थाना की पुलिस टीम व डॉग स्क्वायड की टीम ने मादक पदार्थ सूंघने वाले कुत्तों की मदद से शहर में संदिग्ध लोगों के घरों में विशेष तलाशी अभियान चलाने के साथ-साथ लोगों को जागरुक भी किया। पुलिस की इस कार्यवाही से शहर में हड़कंप मच गया। इस संबंध में जिला पुलिस कप्तान सिद्धांत जैन ने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि आगे भी पुलिस की ये कार्यवाही निरंतर तौर पर जारी रहेगी। शुक्रवार को जाखल में पुलिस द्वारा चलाए गए तलाशी अभियान के दौरान हालांकि कोई नशे की वस्तु नहीं मिली है, परंतु नशा तस्करी के मामले में पुलिस पैनी निगाह बनी हुई है।