भारतीय जनता पार्टी के नवनियुक्त शहरी मंडल अध्यक्ष रमन मडिया ने शनिवार को गांव डांगरा स्थित राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के निवास पर पहुंचकर उनका आभार जताया। इस मौके पर सुभाष बराला ने रमन मडिया को शुभकामनाएं दीं और कहा कि वे पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करेंगे और संगठन को और मजबूत बनाएंगे। संकेत गर्ग को मंडल अध्यक्ष पद से हटाने को लेकर पूछे गए सवाल पर बराला ने कहा कि वे राज्यसभा सत्र में व्यस्त थे और इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। लेकिन उन्होंने रमन मडिया को नया मंडल अध्यक्ष बनाए जाने पर उनके उज्जवल भविष्य की कामना की। गौरतलब है कि पूर्व जिलाध्यक्ष बलदेव ग्रोहा ने संकेत गर्ग को भाजपा शहरी मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया था, लेकिन करीब दस दिन बाद नवनियुक्त जिलाध्यक्ष परवीन जोड़ा ने संकेत गर्ग को हटाकर रमन मडिया को यह पद सौंप दिया। संकेत गर्ग को पूर्व मंत्री देवेंद्र बबली का करीबी माना जाता था, जबकि रमन मडिया राज्यसभा सांसद सुभाष बराला के नजदीकी हैं। ऐसे में यह बदलाव पार्टी में आंतरिक गुटबाजी से जुड़ा हुआ माना जा रहा है।