इंडियन नेशनल लोकदल का कार्यकर्ता सम्मेलन मंगलवार को टोहाना में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। हॉल को पार्टी के हरे गुब्बारों और बैनरों से सजाया गया था। मंच पर राष्ट्रीय कार्यकारिणी से पूर्व मंत्री संपत सिंह, इनेलो महिला प्रदेश प्रभारी सुनैना चौटाला, प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा, इनेलो नेता कुणाल करण सिंह, अंजली सिंह पार्टी के वरिष्ठ नेता और महिला कार्यकर्ता मौजूद रहीं। इनेलो सुप्रीमो अभय सिंह चौटाला किन्हीं कारणों से कार्यक्रम में नहीं पहुंच सके। उनकी अनुपस्थिति में प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। रामपाल माजरा ने कहा कि चौधरी देवीलाल का जन्मदिन हर वर्ष की तरह इस बार भी धूमधाम से मनाया जाएगा। पार्टी ने निर्णय लिया है कि 27 सितंबर को मेवात में एक विशाल रैली की जाएगी जो अब तक की सभी रैलियों का रिकॉर्ड तोड़ेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को रैली के लिए न्योता भी दिया। उन्होंने देवीलाल के योगदान को याद करते हुए कहा कि उन्होंने हरियाणा निर्माण के लिए संघर्ष किया। 1 नवंबर 1966 को हरियाणा बनने के बाद मुख्यमंत्री रहते हुए उन्होंने अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं शुरू कीं। कार्यक्रम में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।