जिला शिक्षा अधिकारी संगीता बिश्रोई ने जिले के सभी हाई और सीनियर सेकेंडरी स्कूल मुखियाओं की शुक्रवार को भूना और फतेहाबाद में बैठक ली। इस बैठक में जिले के 153 स्कूलों के मुखिया मौजूद रहे। डीईओ ने स्कूल मुखियाओं को बैठक में निर्देश दिए कि पिछले सत्र के परीक्षा परिणाम से तुलना करते हुए उसमें और ज्यादा सुधार लाने के लिए प्लान तैयार करें। विद्यार्थी जिस विषय में कमजोर है उस पर जोर दिया जाए। अगर कहीं जरूरत है तो अतिरिक्त कक्षाएं लगाई जाएं। वहीं भूना के मॉडल संस्कृति स्कूल में हुई बैठक में खंड भूना, जाखल और टोहाना के स्कूल मुखियाओं ने भाग लिया और फतेहाबाद के सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल में हुई बैठक में खंड फतेहाबाद, रतिया और भट्टू के स्कूल मुखिया पहुंचे। इस दौरान जिला गणित विशेषज्ञ रमेश कुमार, जिला विज्ञान विशेषज्ञ मुकेश मेहता भी मौजूद रहे। डीईओ ने कहा कि खंड स्तर से जिला कार्यालय में सूचना पहुंचने में देरी होती है, ऐसे में स्कूल मुखिया कलस्टर और फिर वहां से खंड कार्यालय में भेजेंगे। यहां से जिला कार्यालय को भेजी जाएगी।