फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

फतेहाबाद में सीबीएसई बोर्ड की पहली परीक्षा समाप्त, बच्चे बोले- सिलेबस के अनुसार आया प्रश्नपत्र

केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) की बोर्ड परीक्षाओं की शुरुआत सोमवार को गणित विषय के पेपर के साथ हो गई। फतेहाबाद जिले में बनाए गए 14 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। सुबह निर्धारित समय पर परीक्षा शुरू हुई और डेढ़ बजे परीक्षा समाप्त होने के बाद छात्र-छात्राएं केंद्रों से बाहर निकले। जिले भर में करीब चार हजार विद्यार्थियों ने गणित विषय की परीक्षा दी। परीक्षा को लेकर प्रशासन और शिक्षा विभाग पूरी तरह सतर्क नजर आया। सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। केंद्रों के बाहर पुलिस बल तैनात रहा, जबकि अंदर उड़नदस्तों द्वारा नियमित निरीक्षण किया गया। परीक्षा से पहले विद्यार्थियों की गहन जांच की गई, जिससे किसी भी तरह की नकल या अनुचित साधनों के प्रयोग की आशंका न रहे। केंद्र अधीक्षकों ने भी समय-समय पर कक्षाओं का निरीक्षण किया। परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों के बाहर विद्यार्थियों की मिली-जुली प्रतिक्रिया देखने को मिली। कई छात्रों ने बताया कि गणित का पेपर पाठ्यक्रम के अनुसार था और अधिकतर प्रश्न सीधे व अभ्यास पर आधारित थे। कुछ विद्यार्थियों ने कहा कि पेपर आसान से मध्यम स्तर का रहा, जिससे समय रहते सभी प्रश्न हल करने में मदद मिली। वहीं, कुछ छात्रों ने लंबी गणनाओं वाले प्रश्नों को थोड़ा चुनौतीपूर्ण बताया, लेकिन तैयारी अच्छी होने के कारण उन्हें कोई बड़ी परेशानी नहीं हुई। छात्राओं ने भी परीक्षा को संतोषजनक बताया। उनका कहना था कि यदि पूरे साल नियमित अभ्यास किया हो तो पेपर कठिन नहीं लगा। कई विद्यार्थियों ने कहा कि उन्होंने मॉडल पेपर और पिछले वर्षों के प्रश्नपत्रों का अभ्यास किया था, जिसका सीधा लाभ परीक्षा में मिला। अभिभावकों में भी परीक्षा को लेकर उत्सुकता देखी गई। परीक्षा केंद्रों के बाहर अभिभावक अपने बच्चों का इंतजार करते नजर आए। उन्होंने कहा कि बच्चों ने लंबे समय से तैयारी की थी और परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होना राहत की बात है। जिला शिक्षा अधिकारियों के अनुसार परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण रही। किसी भी केंद्र से नकल या अनुशासनहीनता की कोई शिकायत सामने नहीं आई। सीबीएसई की आगामी परीक्षाओं को लेकर भी प्रशासन ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें