संवाद न्यूज एजेंसी टोहाना। अमेरिका से यारी, देश से गद्दारी नहीं चलेगी" के नारों के साथ शुक्रवार को देश बचाओ मोर्चा के बैनर तले किसान-मजदूर संगठनों ने केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। संयुक्त किसान मोर्चा के बैनर तले बने 'देश बचाओ मोर्चा' के कार्यकर्ताओं ने शहीद चौक के पास प्रधान मनजीत सिंह के नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के पुतले फूंके और भारत-अमेरिका ट्रेड डील को तुरंत रद्द करने की मांग की। किसान नेता मनजीत सिंह का कहना है कि मोदी सरकार की अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील देश के किसान, मजदूर और छोटे व्यापारियों को बर्बाद कर देगी। प्रदर्शन के दौरान जमकर नारेबाजी हुई। "मोदी सरकार मुर्दाबाद", "साम्राज्यवाद मुर्दाबाद", "सांप्रदायिक ताकतें मुर्दाबाद", "ट्रेड डील रद्द करो" और "किसान-मजदूर एकता जिंदाबाद" के नारे गूंजते रहे। मौके पर मौजूद किसान नेता मनजीत ने कहा, "आज पूरे भारतवर्ष में नरेंद्र मोदी और ट्रंप के पुतले फूंके गए हैं। यह ट्रेड डील भारत को बर्बाद करने की साजिश है। अगर यह कानून लागू हो गया तो सभी के हाथ में कटोरा आ जाएगा। हमारी 36 बिरादरी सड़क पर नहीं उतरी तो यहां का सामान जीरो हो जाएगा और ट्रंप इस देश पर राज करेगा।" नेता ने आगे बताया कि आंदोलन यहीं नहीं रुकेगा। "21 तारीख को हमारा पूरा संयुक्त किसान मोर्चा दिल्ली के किसान घाट पहुंचेगा। वहीं बैठकर आगे की रणनीति तय की जाएगी कि अब क्या कार्रवाई करनी है। देश बचाओ मोर्चा बड़ा फैसला लेगा।" पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन को भी समर्थन दिया जाएगा। "20 तारीख को हम किसान घाट जाकर उनके साथियों से मिलेंगे और आंदोलन को मजबूती देंगे।" मोदी सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, "2014 से अब तक मोदी ने किसानों, मजदूरों और छोटे व्यापारियों के लिए कोई काम नहीं किया। सिर्फ बड़े कॉरपोरेट घरानों का घर भरा है। अगर सरकार किसानों का भला करती तो हमें पुतले जलाने की नौबत ही नहीं आती।"