फतेहाबाद। पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल का विधायक पद के चुनाव में दो बार हारने को लेकर रविवार को दर्द झलक पड़ा। पूर्व सांसद एवं भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनीता दुग्गल ने एक कार्यक्रम में कहा कि आप लोग मुझे सांसद ही देखना चाहते है। मैंने सांसद बनकर क्षेत्र में बहुत काम किया। आप लोग उम्मीद करते है कि मैं सांसद ही ठीक हूं, क्यों कि विधायक में तो आप लोग आइना दिखा देते है। बहुत मेहनत करने के बावजूद भी सीट यहां से नहीं जितवाई। विधायक चुनाव के दौरान जनता से बहुत उम्मीद थी और आग्रह भी किया गया। लेकिन मुझे आज तक समझ नहीं आया कि मेरी गलती कहां रही है। पूर्व विधायक दुड़ाराम वाली बात है कि आप लोगों को गलतफहमी हो गई थी कि सरकार कांग्रेस की आ रही है। लेकिन अब तो कांग्रेस में जो विधायक बने थे वह भी हमारी तरफ आ रहे है। पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल के इस संबोधन के बाद चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। बता दें कि वर्ष 2014 में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के टिकट पर रतिया विधानसभा से अपना पहला चुनाव लड़ा था, जिसमें उन्हें बेहद कम अंतर से हार का सामना करना पड़ा था। वर्ष 2024 में भाजपा ने उन्हें अक्टूबर 2024 के विधानसभा चुनाव में फिर से रतिया सीट से मैदान में उतारा, जहां उनका मुकाबला कांग्रेस उम्मीदवार से था और उन्हें हार मिली थी।